उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजराजनीति

सच्ची श्रद्धांजलि देना चाहते हैं तो आज ही के दिन तीनों काले कृषि कानून हटा दें : अखिलेश यादव

 लखनऊ !  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतरत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के अनावरण अवसर पर हरदोई में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में सरदार पटेल के योगदान को हम भूल नहीं सकते। उन्होंने स्वतंत्र भारत में तमाम रियासतों को भारत संघ में लाने का काम किया। जूनागढ़ और हैदराबाद रियासत को देश से जोड़ने सहित भारत के एकीकरण का ऐतिहासिक कार्य लौह पुरुष सरदार पटेल ने ही किया था। सरकार में बैठे लोग यदि सच्ची श्रद्धांजलि देना चाहते हैं तो आज ही के दिन तीनों काले कृषि कानून हटा दें।

दुखी कर दिया है
     भाजपा की सरकार ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों को दुखी कर दिया है।  भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में किसानों की आय को दोगुना करने का वादा पूरा नहीं किया। आज उत्तर प्रदेश में हालात ऐसे हो गए हैं कि ललितपुर में किसान ने खाद के इंतजार में लाइन में खड़े खड़े दम तोड़ दिया।

समाजवादी “विजय रथ“ चलता रहेगा
   उत्तर प्रदेश में लगातार समाजवादी “विजय रथ“ चलता रहेगा। प्रदेश की जनता को न्याय और किसानों, नौजवानों को विजय दिलाने के लिए विजय रथ यात्रा निकाली जा रही है। बीजेपी ने व्यापारियों का काम ठप कर दिया और नौजवान का रोजगार छीन लिया, उनको न्याय दिलाना है। बीजेपी ने हर वर्ग के साथ धोखा किया है। समाजवादी पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर चल रही है।

पुलिस खुद अपराध कर रही है
    पिछड़ों, अतिपिछड़ों और दलितों ने बीजेपी की सरकार बनवाई उसके बाद भी भाजपा ने उनका हक खा लिया। प्रदेश की जनता बहुत दुखी है। सरकार ने जनता को बहुत दुख दिया है। पुलिस खुद अपराध कर रही है जिसका उदाहरण फैजाबाद की घटना है। जनता ने बीजेपी का सफाया करने का मन बना लिया है।


प्रदेश में किसान, दोषपूर्ण नीतियों के कारण आत्महत्या कर रहे हैं    

 उत्तर प्रदेश में किसान सरकार की दोषपूर्ण नीतियों के कारण आत्महत्या कर रहे हैं। भाजपा झूठ की बुनियाद पर सत्ता में आई थी लेकिन अब उसकी पोल खुल गयी है। वंचित समाज के साथ बीजेपी ने धोखा किया है।

  

Related Articles

Back to top button