Uncategorized

17,519 आंगनवाड़ी केंद्रों में लगेंगे आधुनिक खेल उपकरण

40 जिलों के केंद्रों के लिए 87.60 करोड़ रुपये मंजूर, स्लाइड, झूले और सी-सॉ से खेल-खेल में सीखेंगे बच्चे

लखनऊ, 28 सितंबर। प्रदेश के 40 जिलों के 17,519 को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में बच्चों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी। योगी सरकार ने आउटडोर प्ले मैटेरियल की खरीद और स्थापना के लिए 87.60 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। उपकरणों की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। खरीद से लेकर स्थापना तक निगरानी के लिए जिला स्तर पर क्रय समिति और ब्लॉक स्तर पर टास्क फोर्स बनाई जाएगी।

पांच तरह के उपकरण होंगे स्थापित

आंगनवाड़ी केंद्रों में स्लाइड, सी-सॉ, स्विग, राउंड अबाउट और दो सीट वाली रॉकिंग बोट लगाई जाएंगी। इन उपकरणों के जरिए बच्चों को खेल के साथ गतिविधि आधारित सीखने और नियमित शारीरिक गतिविधियों का अवसर मिलेगा। सरकार के मुताबिक इससे बालवाटिकाओं का वातावरण अधिक बाल-केंद्रित और आनंददायक बनाने में मदद मिलेगी।

सुरक्षा और गुणवत्ता पर जोर

प्ले मैटेरियल की खरीद, निर्माण, पेंटिंग और स्थापना में निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा। प्रत्येक उपकरण पर कम से कम तीन वर्ष की वारंटी भी जरूरी होगी। टूट-फूट या तकनीकी खराबी होने पर आपूर्तिकर्ता को ऑन-साइट वारंटी, प्रतिस्थापन और आवश्यक रखरखाव की जिम्मेदारी उठानी होगी।

खेल के साथ बच्चों का विकास

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि सरकार आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में ऐसा माहौल तैयार कर रही है, जहां खेल, गतिविधि और सीखना एक-दूसरे के पूरक बनें। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के मुताबिक खरीद से लेकर स्थापना और अनुश्रवण तक स्पष्ट व्यवस्था तय की गई है, ताकि उपकरणों की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Back to top button