Uncategorized

जन भवन में 6.41 करोड़ से बना गंगासागर नमो नमः

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण, गंगोत्री से गंगासागर तक की यात्रा का दिखेगा प्रतीकात्मक स्वरूप

लखनऊ, 17 सितंबर। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की परिकल्पना से जन भवन परिसर में विकसित ‘गंगासागर नमो नमः’ परियोजना का गुरुवार को राज्यपाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से लोकार्पण किया। 6.41 करोड़ रुपये की लागत से तैयार परियोजना में संस्कृति, प्रकृति, कला, जल संरक्षण और आधुनिक तकनीक का समन्वय किया गया है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।

चारधाम से गंगासागर तक का सफर

परियोजना में कैलाश धाम के प्रतीक स्वरूप भगवान शिव की प्रतिमा, मानसरोवर और गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ व बद्रीनाथ की मार्बल प्रतिकृतियां बनाई गई हैं। इसके बाद प्रयागराज संगम, काशी के घाट और अंत में गंगासागर का प्रतीकात्मक स्वरूप है। परियोजना की लंबाई 110 मीटर है और इसमें करीब 1000 टन पत्थरों का इस्तेमाल हुआ है।

फाउंटेन में दिखेगा जल-प्रकाश का संगम

शिव डमरू म्यूजिकल फाउंटेन में जलधाराओं, एलईडी प्रकाश, ध्वनि और प्रोग्रामेबल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। परियोजना में जल पुनर्चक्रण के लिए करीब एक लाख लीटर क्षमता का भूमिगत टैंक बनाया गया है। वहीं 40 वृक्ष और करीब छह हजार झाड़ियों के पौधे लगाए गए हैं

मुख्यमंत्री ने की गंगा आरती

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने गंगासागर में गंगाजल अर्पित कर गंगा आरती की। राजकीय बाल गृह सिंधी खेड़ा की 14 बालिकाओं ने मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और अधिकारियों को राखी भी बांधी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर जन भवन में 100 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण कराया गया और 76 क्षय रोगियों को गोद लेकर पोषण पोटली वितरित की गई।

Related Articles

Back to top button