विभूतिखण्ड में रोहताश प्रेसिडेंशियल की पार्किंग में बने अवैध रेस्टोरेंट ध्वस्त
- एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने की कार्रवाई
- सरोजनीनगर में अवैध मैरिज लॉन, हॉस्पिटल व पारा में 25 अवैध रो-हाउस भवन सील
लखनऊ। विभूतिखण्ड में रोहताश प्रेसिडेंशियल अपार्टमेंट की पार्किंग में अवैध रूप से बनाये गये रेस्टोरेंट को एलडीए ने बुधवार को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा चिनहट के उत्तरधौना में स्प्रिंग गार्डेन फेज-2 में स्वीकृत मानचित्र के अनुसार निर्माण कार्य कराने में बाधक अवैध निर्माण/अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि विभूतिखण्ड में भूखण्ड संख्या-4/4 में बने रोहताश प्रेसिडेंशियल अपार्टमेंट के सेटबैक व ओपन पार्किंग की जगह पर अवैध रूप से पंजाबी ढाबा (साईं ढाबा) व लिटिल शेफ रेस्टोरेंट निर्मित किया गया था। स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किये गये उक्त दोनों निर्माण कार्यों को अभियान चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा चिनहट के उत्तरधौना में स्प्रिंग गार्डेन फेज-2 के लिए प्राधिकरण द्वारा मानचित्र स्वीकृत किया गया है। स्वीकृत मानचित्र के अनुसार स्थल पर निर्माण कार्य कराने में आ रही बाधा को दूर करते हुए नियोजित विकास कार्य में सहयोग किया गया।
मोहनलालगंज में 02 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि मोहनलालगंज के ग्राम-खुजौली में अभियान चलाया गया। इस दौरान मुकेश व सतीश कुमार द्वारा लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 02 अवैध प्लाटिंग पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करायी गयी। जिसमें निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर अवैध तरीके से विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल आदि को ध्वस्त कर दिया गया।
अवैध मैरिज लॉन, हॉस्पिटल व 25 रो-हाउस सील
प्रवर्तन जोन-3 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि सरोजनीनगर के ग्राम-अनौरा में अशोक कुमार द्वारा 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बनाये गये आर0डी0 पैलेस मैरिज लॉन को सील किया गया। वहीं, पारा में मोहान रोड पर 150 वर्गमीटर के भूखण्ड पर बनाये गये एस0डी0 हॉस्पिटल को सील किया गया। इसी तरह आयुष चौहान द्वारा पारा के चुन्नूखेड़ा में लगभग 2500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनाये जा रहे 25 रो-हाउस भवनों को सील किया गया। इसके अलावा काकोरी और पारा में 03 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किये गये।