चेक बाउंस के लंबित मामलों के निस्तारण को 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत

लखनऊ। चेक बाउंस के मामलों में कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहे लोगों को राहत देने के लिए 21 नवंबर 2026 को लखनऊ जनपद न्यायालय में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट), 1881 की धारा 138 के तहत लंबित मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर कराया जाएगा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (यूपीएसएलएसए) के कार्यपालक अध्यक्ष के निर्देश पर प्रदेश के सभी जनपदों में यह विशेष लोक अदालत आयोजित की जा रही है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि जनपद न्यायालय में चेक बाउंस से संबंधित लंबित वादों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत लगाई जाएगी। उन्होंने जनसामान्य और संबंधित वादकारियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के माध्यम से अपने मामलों का निस्तारण कराएं।

