उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजदेशराजनीतिस्वास्थ्य

अगले चुनाव में महिलाएं आंख मूंद कर महिलाओं को वोट दें : प्रियंका गांधी

चित्रकूट में जमकर गर्जी

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी ने बुधवार को चित्रकूट के रामघाट पर महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘ उठो द्रोपदी शस्त्र उठा लो, अब गोविंद न आयेगा ’’! महिलाओं को अपनी हालत बदलने के लिए खुद संघर्ष करना होगा, कांग्रेस पार्टी हर कदम पर उनके साथ है। आहवान किया कि अगले चुनाव में वे आंख मूंद कर महिलाओं को वोट दें। आगामी चुनाव में महिलाओं को 40 फीसदी टिकट देगी, कांग्रेस सरकार बनने पर पुलिस में एक चौथाई महिलाओं को भर्ती करने और महिलाओं की शिकायत न सुनने वाले अधिकारी को दस दिन में सस्पेंड करने वाला विशेष आयोग का गठन किया जायेगा।

दर्द न महसूस करने वाले यहां पर वोट मांगने आ रहें हैं

कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन रावत ने बताया कि प्रियंका गांधी ने पहले वहां मौजूद विभिन्न वर्गों की महिलाओं से उनका दुख दर्द सुना और फिर कहा कि कभी रानी लक्ष्मीबाई ने देश की आजादी के लिए लड़ते हुए कुबार्नी दी थी, आज की महिलाएं खेतों से लेकर फैक्ट्री तक में काम करती हैं। स्कूलों और अस्पतालों में मेहनत करती हैं। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपना हुनर दिखा रही हैं लेकिन उन पर अत्याचार होता है। गरीब महिलाएं नल से पानी पाने के लिए भी संघर्ष करती हैं और किसान महिलाएं अपनी फसल के दाम, और बीज-खाद से होने वाली परेशानियों के बीच घर को संभालती हैं। महंगाई का बोझ भी उस पर ही पड़ता है। तेल से लेकर रसोई गैस तक की महंगाई के बीच उसे ही घर चलाना होता है। महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि लाकडाउन के दौरान लाखों मजदूर पैदल बुन्देलखण्ड लौटने को मजबूर हुए तब कांग्रेस के तमाम प्रयासों के बावजूद मोदी सरकार ने बसों का इन्तजाम नहीं किया, अब उनकी रैली के लिए हजारों सरकारी बसों का इन्तजाम किया जा रहा है। बुन्देलखण्ड के लोगों का दर्द न महसूस करने वाले यहां पर वोट मांगने आ रहें हैं। प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत ने बताया कि इस संवाद के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विधानमंडल दल की नेता अराधना मिश्र मोना, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, राषट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत समेत तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button