Uncategorized

निवेश के नाम पर झूठा प्रचार, एमएसएमई को किया बर्बाद

अखिलेश का भाजपा पर हमला:

सपा प्रमुख बोले- 2027 का चुनाव लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण बचाने का अंतिम अवसर; महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर साधा निशाना

लखनऊ, 26 सितंबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निवेश, रोजगार, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार निवेश का प्रचार तो कर रही है, लेकिन जमीन पर अपेक्षित निवेश दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में एमएसएमई इकाइयां बर्बाद हुई हैं और सरकार अपने करीबियों को आगे बढ़ा रही है।

सपा मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने मोबाइल निर्माण को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में मोबाइल निर्माण के बजाय केवल असेंबलिंग हो रही है और मोबाइल के उपकरण चीन, ताइवान तथा कोरिया से आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नोएडा में मोबाइल बनाने वाली कंपनी सपा सरकार के समय लगी थी। लखनऊ में आईटी सिटी, अस्पताल और अन्य क्षेत्रों में हुए निवेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनका लाभ प्रदेश की जनता को दिखाई दे रहा है।

‘2027 का चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव’

अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। उनके मुताबिक यह जनता के लिए अंतिम अवसर है। उन्होंने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करने और संविधान विरोधी काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में अराजकता फैला रखी है और जनता में भारी आक्रोश है।

सपा अध्यक्ष ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है तथा कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध बढ़ने तथा अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिलने का भी उन्होंने आरोप लगाया।

‘पीडीए आंदोलन बन गया, संविधान-आरक्षण बचाने को एकजुट’

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में पीडीए को अपमानित और प्रताड़ित किया तथा उसका हक छीना। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए के लोगों के खिलाफ झूठे मुकदमे लगाए गए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के खिलाफ पीडीए एकजुट हो गया है और अब यह आंदोलन का रूप ले चुका है। उनके मुताबिक पीडीए के लोग संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने के लिए खड़े हो गए हैं।

उन्होंने एक्सप्रेस-वे निर्माण में भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे तथा कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे में निर्माण के बाद जगह-जगह धंसने की स्थिति सामने आई है। सपा अध्यक्ष ने शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान-नौजवानों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार की नीतियों की आलोचना की।

Related Articles

Back to top button