यूपी की हर ग्राम पंचायत में हर शुक्रवार लगेगी ग्राम चौपाल

केशव मौर्य बोले- गांव में ही होगा समस्याओं का समाधान, योजनाओं की होगी समीक्षा
राज्य ब्यूरो, लखनऊ।
प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में अब प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से ग्राम चौपाल आयोजित की जाएगी। उपमुख्यमंत्री एवं ग्राम्य विकास मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को इसके निर्देश देते हुए कहा कि चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने निर्देश दिए कि चौपाल में मिलने वाली शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव न हो, उनके लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर नियमित निगरानी की जाए और शिकायतकर्ता को प्रगति की जानकारी भी दी जाए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम चौपाल केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन का माध्यम होगी। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय या लखनऊ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को पेयजल, सड़क, आवास, स्वच्छता, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महिला सशक्तिकरण, कृषि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करने और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाली ग्राम चौपाल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव-गांव तक सुशासन पहुंचाना और जनता की संतुष्टि सुनिश्चित करना है।


