आंधी-बारिश का कहर: 25 जिलों में बदला मौसम, पांच की मौत, कई इलाकों में जलभराव
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को प्रदेश के 25 जिलों में तेज आंधी और बारिश से मौसम सुहाना हुआ, लेकिन कई स्थानों पर जनजीवन भी प्रभावित रहा। आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली से जुड़े हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई।
कासगंज में मकान का लेंटर गिरने से पति-पत्नी और उनकी बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उन्नाव और गाजीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की जान चली गई। कई जिलों में तेज हवाओं के कारण पेड़ और होर्डिंग्स गिरने की घटनाएं भी सामने आईं।
वाराणसी में तेज आंधी से कई होर्डिंग्स उड़ गए, जबकि प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज परिसर और हाथरस कोतवाली सदर क्षेत्र में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कानपुर, हरदोई, जौनपुर, गाजीपुर, बस्ती और बलिया समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर में सबसे अधिक 6.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। विभाग का कहना है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और पूर्वी हवाओं से नमी मिलने के कारण प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक आंधी, गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा सावधानी बरतने की सलाह दी है।


