पति की आरती उतारना पड़ा भारी, जदयू ने संगीता यादव को छह साल के लिए किया निष्कासित
राजद ने पति प्रो. जयराम यादव को बनाया है सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी, जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधि को बताया कार्रवाई का आधार
सिवान। बिहार के सिवान में राजनीति का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें राजद प्रत्याशी पति का स्वागत करना जदयू की प्रदेश सचिव और सिवान जिला परिषद अध्यक्ष संगीता यादव को भारी पड़ गया। जदयू ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
दरअसल, राजद ने शिक्षक नेता प्रो. जयराम यादव को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जयराम यादव की पत्नी संगीता यादव जदयू की प्रदेश सचिव होने के साथ सिवान जिला परिषद की अध्यक्ष हैं। राजद प्रत्याशी घोषित होने के बाद जयराम यादव जब सिवान स्थित अपने आवास पहुंचे तो पत्नी संगीता यादव ने उनकी आरती उतारकर स्वागत किया था। इसका वीडियो भी सामने आया था।
18 सितंबर को जारी हुआ निष्कासन पत्र
जदयू प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी शंभु कुशवाहा ने 18 सितंबर को निष्कासन संबंधी पत्र जारी किया। इसमें संगीता यादव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से मुक्त करते हुए छह वर्षों के लिए दल से निष्कासित किए जाने की बात कही गई है। पत्र में कार्रवाई का आधार ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता’ बताया गया है।
पति राजद प्रत्याशी, पत्नी पर जदयू की कार्रवाई
प्रो. जयराम यादव को राजद ने 11 सितंबर को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। इसके बाद सिवान पहुंचने पर उनके स्वागत कार्यक्रम में पत्नी संगीता यादव की आरती उतारने की तस्वीर और वीडियो चर्चा में आए। इसके बाद जदयू ने संगठनात्मक कार्रवाई की। हालांकि, निष्कासन पत्र में आरती उतारने की घटना को अलग से कारण नहीं बताया गया है, बल्कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता को आधार बनाया गया है।
शिक्षक सीट पर बढ़ी सियासी हलचल
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर बिहार में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। राजद के प्रो. जयराम यादव के अलावा अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों की सक्रियता भी बढ़ी है। ऐसे में जदयू की प्रदेश सचिव रहीं संगीता यादव के निष्कासन को लेकर सिवान की स्थानीय राजनीति में भी चर्चा तेज हो गई है।
