राजकुमार बने एसजीपीजीआई एससी-एसटी एम्पलाइज वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष

सविता वर्मा महामंत्री, कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई), लखनऊ की एससी-एसटी एम्पलाइज वेलफेयर सोसाइटी का वर्ष 2026 का चुनाव शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव में अध्यक्ष पद पर राजकुमार विजयी घोषित हुए, जबकि सविता वर्मा महामंत्री और पवन कुमार उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। कई अन्य पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।
कोषाध्यक्ष पद पर वंदना भारती निर्विरोध निर्वाचित हुईं। संयुक्त मंत्री पद पर अरविंद कुमार और शिवानी रावत ने जीत दर्ज की। अन्य कई पदों पर भी प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
मुख्य चुनाव अधिकारी की देखरेख में संपन्न हुई निर्वाचन प्रक्रिया
निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन मुख्य चुनाव अधिकारी शशांक शेंडे की देखरेख में हुआ। चुनाव अधिकारी अजय कुमार सोनकर, सुनील कुमार, हरिवीर सिंह, राम सागर जायसवाल, पवन कुमार, रीमा चौधरी, मनीषा कनौजिया सहित अन्य सहयोगियों ने चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंतिम परिणाम की घोषणा चुनाव अधिकारी सुनील कुमार ने की।
कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे : राजकुमार
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि एसजीपीजीआई में कार्यरत एससी-एसटी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं को शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा उनके निराकरण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और समाज ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस भरोसे पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि सोसाइटी कर्मचारियों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर सक्रिय रहेगी।

