Uncategorized

यूपी नीट यूजी-2026: प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग शुरू

यूपी नीट यूजी-2026: काउंसलिंग

डीजीएमई ने जारी की समय-सारिणी

लखनऊ, 6 अगस्त। उत्तर प्रदेश में नीट यूजी-2026 के तहत एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGME), उत्तर प्रदेश द्वारा जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थी 7 अगस्त 2026 से ऑनलाइन पंजीकरण एवं अभिलेख अपलोड कर सकेंगे।

जारी समय-सारिणी के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया 7 अगस्त 2026 को दोपहर 12:00 बजे से प्रारंभ होकर 12 अगस्त 2026 को दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी। वहीं, पंजीकरण शुल्क एवं धरोहर (सिक्योरिटी) धनराशि जमा करने की अंतिम तिथि 12 अगस्त 2026 को शाम 5:00 बजे निर्धारित की गई है।

डीजीएमई ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम राज्य के सरकारी एवं निजी मेडिकल, डेंटल कॉलेजों तथा चिकित्सा विश्वविद्यालयों में संचालित एमबीबीएस एवं बीडीएस पाठ्यक्रमों की राज्य कोटा सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग से संबंधित है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूर्ण करनी होंगी।

विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे काउंसिलिंग से जुड़ी सभी नवीनतम सूचनाओं, दिशा-निर्देशों और आगामी कार्यक्रमों के लिए UPNEET एवं डीजीएमई की आधिकारिक वेबसाइटों का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें। सहायता के लिए विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर 8189011696, 8189011697, 8189011698, 8189011699 और 8189011700 भी जारी किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button