वीबी-जी राम जी योजना से आत्मनिर्भर बनेंगे गांव : केशव प्रसाद मौर्य

प्रयागराज/लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को प्रयागराज स्थित उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत पंच सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण रोजगार, आजीविका और आत्मनिर्भर गांवों की मजबूत आधारशिला साबित होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब गांव विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ेंगे। वीबी-जी राम जी योजना गांवों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी।
उपमुख्यमंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने और ग्राम स्तर पर विकास कार्यों को गति देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत, प्रशासन और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से ही आत्मनिर्भर गांवों का सपना साकार होगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि “हर हाथ रोजगार, वो भी गारंटी के साथ” केवल नारा नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का संकल्प है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से राजनीति से ऊपर उठकर गांवों के विकास, रोजगारपरक गतिविधियों और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
