Uncategorized

न LPG सिलिंडर , न इंडक्शन में महंगी बिजली का झंझट , सोलर चूल्हा में पकेगा भोजन

“आत्मनिर्भर भारत: रसोई गैस सिलेंडर से मिलेगा छुटकारा, ‘सूर्य नूतन’ बनेगा किचन की नई पहचान”

लखनऊ । बार-बार रसोई गैस सिलेंडर भरवाने और बिल भरने से आजादी मिलने वाली है, क्योंकि जल्द ही आपको खाना बनाने के लिए एक ऐसा चूल्हा मिलेगा, जिसके लिए रसोई गैस सिलेंडर या लकड़ी की जरूरत ही नहीं होगी। जी हां, इंडियन ऑयल तथा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक स्वदेशी सोलर कुक टॉप “सूर्य नूतन” विकसित किया है। घर के अंदर इस्तेमाल किए जाने वाले इस चूल्हे की खास बात यह है कि इसे रात में भी प्रयोग किया जा सकता है।

कैसे करेगा काम ?

सूर्य नूतन चूल्हा घर के अंदर रहेगा, जबकि बाहर सोलर पैनल लगा रहेगा। सर्य नूतन में एक केबल लगी है, यह केबल छत पर लगी हुई, सोलर प्लेट से जुड़ी होगी। अब सोलर प्लेट से जो ऊर्जा पैदा होती है, वह केबल के जरिए चूल्हे तक पहुंचती है और इसी ऊर्जा से सूर्य नूतन चलता है।

रात के भोजन का क्या होगा ?

खास बात ये है कि इस प्रक्रिया में थर्मल बैटरी में सोलर एनर्जी स्टोर भी होती रहती है, जिससे बिना धूप के या रात में भी खाना पकाया जा सकता है। सूर्य नूतन के जरिए चार लोगों के परिवार के लिए एक दिन का पूरा भोजन यानि नाश्ता + दोपहर का भोजन + रात का खाना आसानी से बनाया जा सकता है। सूर्य नूतन सौर्य कूकर से अलग है क्योंकि उसे धूप में रख कर चार्ज करना होता है।

किसने किया निर्माण ? बिना धूप बनेगा भोजन ?

सूर्य नूतन इंडियन ऑयल के अनुसंधान एवं विकास केंद्र, फरीदाबाद द्वारा डिजाइन और विकसित किया गया एक पेटेंट उत्पाद है। सूर्य नूतन का उपयोग सभी मौसमों और ऋतुओं में किया जा सकता है, जिसमें सूर्य लंबे समय तक या लगातार उपलब्ध नहीं रहता है, जैसे मानसून और अत्यधिक सर्दी।

बाजार में कितनी होगी कीमत ?

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के मुताबिक अभी सूर्य नूतन का आरंभिक मॉडल पेश किया गया है। जल्द ही इसका कमर्शियल मॉडल लॉन्च होगा। प्रारंभ में, बेस मॉडल के लिए उत्पाद की लागत लगभग 18,000 रुपये और शीर्ष मॉडल के लिए 30,000 रुपये है। हालांकि, सरकार से सब्सिडी मिलने के बाद दाम में कमी आने की उम्मीद है। इसकी कीमत 10,000-12,000 रूपए तक होने की उम्मीद है। इसके साथ ही माना जा रहा है कि एक वर्ष में अगर 6 से 8 एलपीजी सिलेंडरों की खपत होती है, तो सूर्य नूतन का खरीदार पहले 1-2 वर्षों में ही इस उत्पाद की लागत वसूल लेगा।

इसे आवश्यकता के अनुसार विभिन्न आकारों में डिजाइन किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button