कोविड प्रबन्धन में 6,818 वेंटीलेटर हैें प्रदेश में : बृजेश पाठक

559 आक्सीजन प्लांट लगे हैं प्रदेश में
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की प्राथमिकता में रहा है। हमारी स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हुई हैं। प्रदेश की जनता को सस्ती व सुलभ चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। बताया कि उत्तर प्रदेश में 1170 जन औषधि केन्द्र खोले गये हैं। इन केन्द्रों के खुल जाने से जहां आम जन को सस्ती दवाएं उपलब्ध हो रही हैं वहीं दवाओं के दाम भी नियंत्रित हुए हैं। साथ ही उन्होंने चिकित्सकों से अपील की है कि चिकित्सक मरीजों को भगवान मानकर सेवा करें।
मरीजों को भगवान मानकर सेवा करें चिकित्सक
उपमुख्यमंत्री बुधवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड प्रबंधन में उत्तर प्रदेश अव्वल रहा है। आज प्रदेश के सभी 75 जनपदों में आरटीपीसीआर जांच की सुविधा उपलब्ध है। उप्र में 10 करोड़ 94 लाख कोविड टेस्ट किये गये। इस समय प्रदेश में कोविड के एक्टिव केस मात्र 300 हैं। उन्होंने ने कहा कि अब प्रदेश में आक्सीजन की कमी नहीं होगी। सरकार 536 नये आक्सीजन प्लांट स्थापित किये। अब प्रदेश में 559 आक्सीजन प्लांट हो गये हैं। पहले मरीजों को वेंटीलेटर नहीं मिलते थे। अब हमारे पास छह हजार 818 वेंटीलेटर उपलब्ध हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के तहत बीपीएल परिवारों को पांच लाख रुपए तक नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था है। इस कार्ड के तहत 12 लाख लोगों का इलाज हुआ है। इनके इलाज में 1200 करोड़ रूप्ये का व्यय हुआ है। बृजेश पाठक ने बताया कि आयुष्मान योजना के दायरे में और परिवारों को लाने के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना शुरू की गयी। इस योजना के तहत श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को फायदा मिलेगा। बृजेश पाठक ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश में 19 लाख क्षय रोगी चिन्हित किये गये हैं। भाजपा के जनप्रतिनिधि व अन्य विभाग भी क्षय रोगियों को गोद ले रहे हैं। वहीं संचारी रोगों के नियंत्रण पर भी प्रदेश सरकार काम कर रही है।