आलू किसानों को भाजपा सरकार ने दिया है धोखा: पीएल पुनिया
लखनऊ। बीते पांच साल में आलू उत्पादक किसानों को सिर्फ धोखा मिला है। आलू के उत्पादन क्षेत्रों के हिसाब से देखें तो देश का सबसे बड़ा आलू उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश है। यहां करीब 6.1 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में आलू बोया जाता है। लेकिन योगी सरकार की नीतियों के चलते साल दर साल किसान की फसल सड़ती रही और आलू उत्पादक किसानों की हालत बदतर हो गई। अच्छी पैदावार होने के बावजूद किसानों को आर्थिक हालत इसलिए खराब है क्योंकि उसकी फसल का अच्छा दाम नहीं मिल पा रहा है। यह बात उप्र कांग्रेस कैंपेन कमेटी के चेयरमैन पीएल पुनिया ने कही।
किसान फसल को सड़कों पर फेंकने को मजबूर
उन्होंने कहा कि आलू का भाव तय नहीं होने से किसान परेशान है। इस सरकार की नाकामी का नतीजा है कि हर साल किसान का आलू सड़ता है, अच्छी पैदावार को कीमत न मिलने के चलते किसान फसल को सड़कों पर फेंकने को मजबूर होता है। उन्होंने कहा कि सरकारी सहायता नहीं मिलने से किसान परेशान रहता है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी वादे में आलू से चिप्स बनाने, अल्कोहल फैक्टरी लगाने और आलू पाउडर बनाने की बात कहती है। लेकिन यह सब वादे सिर्फ आलू किसानों को बरगलाने के लिए होते हैं, चुनाव के बाद इन किसानों का कोई हाल नहीं पूछता है। वहीं डीजल की कीमतों में वृद्धि, डीएपी और यूरिया की कमी, तैयार आलू आढ़ती के सहारे होने का दर्द आलू उत्पादक किसानों को हमेशा बेचौन किए रहता है।