इंग्लैंड पर रोमांचक जीत से भारत लगातार दूसरी बार फाइनल में

टी-20 विश्व कप : बेथेल का शतकीय संघर्ष बेकार
मुंबई, 5 मार्च। वानखेड़े स्टेडियम की दूधिया रोशनी में गुरुवार को रनों की जमकर बरसात हुई और दर्शकों ने पूरा पैसा भी वसूल किया। इस क्रम में गत चैम्पियन भारत की ओर से रखे गए विशालकाय लक्ष्य के बावजूद जैकब बेथेल ने तूफानी शतकीय प्रहार (105 रन, 48 गेंद, सात छक्के, आठ चौके) से भारतीय गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा ली। लेकिन अंततः उनका प्रयास नाकाफी रहा और टीम इंडिया ने दिल की धड़कनों को बढ़ा देने वाले अंतिम गेंद तक खिंचे संघर्ष में इंग्लैंड पर सात रनों की रोमांचक जीत से लगातार दूसरी बार आईसीसी टी20 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
संजू सैमसन फिर गरजे, टीम इंडिया 253 रनों तक जा पहुंची
पहले बल्लेबाजी पर बाध्य सह मेजबानों के लिए पिछले मैच के हीरो संजू सैमसन (89 रन, 42 गेंद, सात छक्के, आठ चौके) के बल्ले से फिर धूम-धड़ाका हुआ। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ सैमसन की ईशान किशन (39 रन, 18 गेंद, दो छक्के, चार चौके) व शिवम दुबे (43 रन, 25 गेंद, चार छक्के, एक चौका) संग दो त्वरित साझेदारियों से भारत ने सात विकेट पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
बेथेल के प्रयास से 246 रनों तक जाकर ठहरे अंग्रेज
जवाबी काररवाई में 2-38 की खराब शुरुआत के बाद इंग्लैंड की ओर से 22 वर्षीय युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के बीच अन्य बल्लेबाजों के साथ उपयोगी भागीदारियों के सहारे उन्होंने दल को लक्ष्य के करीब तक पहुंचा दिया। इस क्रम में अंतिम ओवर शुरू हुआ तो इंग्लैंड लक्ष्य से 30 रन दूर था। लेकिन शिवम दुबे की पहली गेंद पर वह रन आउट हो गए। इसके बाद जोफ्रा ऑर्चर (नाबाद 19 रन, चार गेंद, तीन छक्के) अंतिम तीन गेंदों पर छक्के जड़े, लेकिन वह मंजिल नहीं दिला सके और इंग्लैंड सात विकेट पर 246 रनों तक जाकर ठहर गया।
स्कोर कार्ड
दो वर्ष पहले केंजिंगटन ओवल में दक्षिण अफ्रीका को कड़े संघर्ष में सात रनों से हरा कर दूसरी बार खिताब जीतने वाले भारत का, जिसने 2007 में पहला संस्करण भी अपने नाम किया था, यह लगातार दूसरा और कुल चौथा फाइनल है।
चैम्पियन भारत तीसरे खिताब के लिए 8 मार्च को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा
अब उपाधि रक्षा के लिए उसकी आठ मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टक्कर होगी। न्यूजीलैंड ने बुधवार को कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका का अजेय क्रम तोड़ते हुए नौ विकेट की एकतरफा जीत हासिल की थी।
