अनुज सिंह होंगे एलडीए के नए उपाध्यक्ष, प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ
जिला प्रशासन से लेकर विकास प्राधिकरण और मुख्यमंत्री कार्यालय तक संभाल चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

लखनऊ। 2013 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले अनुज सिंह के पास जिला प्रशासन, विकास प्राधिकरण और शासन स्तर पर काम करने का व्यापक अनुभव है।
अनुज सिंह अपने प्रशासनिक सेवाकाल में बांदा और बिजनौर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात रहे। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वह हापुड़, सीतापुर और मुरादाबाद के जिलाधिकारी भी रह चुके हैं।
हाल तक वह मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थे। विभिन्न जिलों में जिलाधिकारी और विकास प्राधिकरण में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में काम करने का उनका अनुभव एलडीए के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
लखनऊ जैसे तेजी से विस्तार कर रहे महानगर में शहरी विकास, नियोजित आवासीय योजनाओं और प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने की दिशा में उनके अनुभव से नई उम्मीदें जुड़ी हैं।
