Uncategorized

विकसित भारत बनाना है तो हमें पुराने कानून को बदलना होगा : अश्वनी उपाध्याय

प्रभासाक्षी के 22वें वर्षगांठ

ब्यूरो दिल्ली । प्रभासाक्षी के 22वें वर्षगांठ पर दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्र से जुड़ी नामी हस्तियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान देश दुनिया के विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। सभी ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की शुरुआत जेवर विधानसभा के विधायक के ठाकुर धीरेंद्र सिंह के संबोधन से शुरू हुई। इस दौरान उन्होंने बताया कि कैसे जेवर अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर उभरा है। वहां के लोगों के लिए किस तरीके से उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एक एयरपोर्ट की वजह से जेवर की किस्मत पूरी तरीके से बदल चुकी है।

अंग्रेजों ने कानून बदलकर लूटा

वहीं, आईपीसी और सीआरपीसी को बदलने से क्या होगा लाभ, इस विषय पर बोलते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अश्वनी उपाध्याय ने साफ तौर पर कहा कि हमें पुराने कानून को बदलना होगा। तभी हम विकसित भारत की कल्पना कर सकते हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि मुगलों ने तलवार के दम पर और अंग्रेजों ने कानून बदलकर इस देश को लूटा है।

राम मंदिर कैसे बनेगा राष्ट्र मंदिर विषय पर धर्मगुरु साध्वी प्रज्ञा भारती ने कहा कि यह हम सभी के लिए हर्ष की बात है कि हमारे जीवन काल में राम मंदिर बन रहा है। उन्होंने कहा कि देश हिंदू बहुसंख्यक है और इसी के अनुसार राम मंदिर बनाने के अधिकार मिले हैं।

कर्ज माफी से किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा

कार्यक्रम में किसानों के नेता राकेश टिकैत भी शामिल हुए। उन्होंने किसानों के मन की बात की। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कर्ज माफी से किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। उन्होंने खुद के चुनाव लड़ने पर कहा कि यह संभव नहीं है। इसके साथ ही अग्निवीर योजना पर उन्होंने तंज कसा और कहा कि पॉलिटिकल रोजगार भी 4 वर्षों के लिए ही होना चाहिए।

‘रक्षा क्षेत्र में कितने आत्मनिर्भर बने हम’? इस परिचर्चा में पूर्व सैन्य अधिकारी और रक्षा मामलों के विशेषज्ञ शामिल हुए। लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर) संजय कुलकर्णी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, मजबूत भारत होगा तभी तरक्की करेगा। ब्रिगेडियर डीएस त्रिपाठी ने कहा कि हमारी नीति 320 में चाणक्य ने लाई हैं। जो सात चीजें उन्होंने गवर्न करने के लिए बनाई है। आतंरिक सुरक्षा बहुत जरूरी है। सुरक्षा नीति में साइबर सिक्योरिटी बहुत महत्वपूर्ण है।

हमें विश्व गुरु बनने के लिए आर्थिक महाशक्ति बनना होगा

आर्थिक नीतियों से संबंधित विषय पर भाजपा प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने मोदी सरकार की नीतियां बताई। उन्होंने कहा कि हमें विश्व गुरु बनने के लिए आर्थिक महाशक्ति बनना होगा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत उसे दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। कार्यक्रम के आखिरी सत्र को जाने माने अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमें सेकुलरिज्म का चोला सबसे पहले फेंकना होगा। उन्होंने कहा कि जहां-जहां मुसलमानों की आबादी बड़ी है वहां हिंदुओं को अपने मौलिक अधिकारों के लिए इस देश में लड़ना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञानवापी के साथ-साथ मथुरा मामले को लेकर भी सुनवाई जारी है और हम लगातार अपना पक्ष मजबूती से रख रहे हैं।

प्रभासाक्षी की 22वीं वर्षगाँठ पर आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में देश भर से 21 चयनित लोगों को हिंदी सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न पैमानों पर खरे उतरे उत्तर प्रदेश राज्य की सरकार को सर्वश्रेष्ठ राज्य सरकार के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में IAAN School के अनुज गर्ग, और NISCORT की डॉ. रितु दुबे तिवारी भी शामिल हुईं। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में युवाओं का भविष्य अच्छा कैसे हो, इसको लेकर महत्वपूर्ण बात कही।

Related Articles

Back to top button