बलरामपुर अस्पताल के निदेशक बने डॉ बी.के.एस चौहान,डॉ विवेक गुप्ता संभालेंगे लोकबंधु अस्पताल
स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निदेशक ग्रेड के आठ चिकित्साधिकारियों की नई तैनाती
प्रोन्नति के बाद जारी हुए तबादला आदेश, बलरामपुर अस्पताल समेत महानिदेशालय के कई अहम पदों पर नियुक्तियां
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए निदेशक ग्रेड के आठ चिकित्साधिकारियों को प्रोन्नति के बाद नई तैनाती दी है। बलरामपुर अस्पताल से निदेशक डॉ विवेक गुप्ता को हटाकर लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय, लखनऊ का नया निदेशक बना दिया गया है। उनकी जगह अयोध्या मंडल के अपर निदेशक डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह चौहान को बलरामपुर अस्पताल का निदेशक नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में डॉ. अल्पना रानी गुप्ता को देवीपाटन मंडल के अपर निदेशक पद से मानसिक रोग चिकित्सालय, बरेली का निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक बनाया गया है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार डॉ. मनमोहन आर्या को मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी, कानपुर से स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में निदेशक (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र), डॉ. नरेंद्र देव शर्मा को वाराणसी मंडल के अपर निदेशक से परिवार कल्याण महानिदेशालय में निदेशक (परिवार कल्याण), डॉ. खालिद रिजवान अहमद को जिला चिकित्सालय बस्ती से निदेशक (चिकित्सा उपचार), डॉ. सुमन कुमार चौधरी को मोतीलाल नेहरू चिकित्सालय प्रयागराज से निदेशक (स्वास्थ्य), डॉ. मोहम्मद अतहर को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय, लखनऊ से निदेशक (नियोजन एवं बजट) नियुक्त किया गया है।