दिल्ली समेत 9 राज्यों के गवर्नर बदले
नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नए राज्यपालों और उप-राज्यपालों (LG) की नियुक्ति और तबादले की घोषणा की है. दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का लेफ्टिनेंट गवर्नर बनाया गया है. वहीं तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का लेफ्टिनेंट गवर्नर बनाया गया. इसके अलावा तमिलनाडु के गवर्नर आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया है. आज ही पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने इस्तीफा दिया था.
कहां-कहां के राज्यपाल बदले गए? ——-
दिल्ली : पूर्व भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उप-राज्यपाल (LG) नियुक्त किया गया है.
लद्दाख: दिल्ली के वर्तमान उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को अब लद्दाख का उप-राज्यपाल बनाया गया है.
पश्चिम बंगाल: तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उन्होंने सी.वी. आनंद बोस की जगह ली है, जिन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था.
तेलंगाना: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को अब तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है.
महाराष्ट्र: तेलंगाना के वर्तमान राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है.
बिहार: लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है.
तमिलनाडु: केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है.
हिमाचल प्रदेश: लद्दाख के वर्तमान उप-राज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है.
नागालैंड: नंद किशोर यादव को नागालैंड का नया राज्यपाल बनाया गया है.
पश्चिम बंगाल में आज ही राज्यपाल ने दिया था इस्तीफा
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने आज ही अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद केंद्र सरकार ने आर.एन. रवि को राज्य का नया राज्यपाल नियुक्त किया है. आरएन रवि इससे पहले तमिलनाडु के राज्यपाल के रूप में कार्यरत थे. सीवी आनंद बोस ने नवंबर 2022 में कार्यभार संभाला था, उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंपा और बताया कि उन्होंने इस पद पर पर्याप्त समय बिता लिया है.
यह बदलाव राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले हुआ है, जिस पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हैरानी जताई है.
