1.16 लाख गरीब परिवारों को पक्की छत के लिए 816.67 करोड़

मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को दूसरी किश्त जारी, सभी 75 जिलों के परिवारों को मिलेगा लाभ
लखनऊ, 23 सितंबर। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रदेश के 1,16,667 गरीब परिवारों को पक्की छत देने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को लाभार्थियों के आवास निर्माण के लिए दूसरी किश्त के रूप में 816.67 करोड़ रुपये अवमुक्त किए। राशि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और सामान्य वर्ग के पात्र लाभार्थियों को दी जाएगी।
केशव मौर्य ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई गरीब परिवार और कोई मां कच्चे घर में रहने को मजबूर न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों को आवास निर्माण में किसी तरह की परेशानी न हो और निर्धारित धनराशि समय से उनके खातों में पहुंचे। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के आवासविहीन और जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है।
गांव के विकास से प्रदेश और प्रदेश के विकास से विकसित भारत
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब कल्याण के संकल्प को प्रदेश सरकार धरातल पर उतार रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के जरिये जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास तेज होगा तो उत्तर प्रदेश का विकास होगा और प्रदेश के विकास से विकसित भारत के संकल्प को गति मिलेगी।
मौर्य ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन की आधारशिला देना है। अधिकारियों से आवास निर्माण की लगातार निगरानी और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाने को कहा गया है।
