श्रावस्ती में गरजे सीएम योगी : ‘सुहेलदेव की विरासत छोड़ गाजी मियां का मेला लगाने वालों की जनता ने कर दी दुर्गति’

396 करोड़ की 83 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- अब मच्छर और माफिया नहीं, प्रेरणादायी जिला बन रहा श्रावस्ती
श्रावस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को श्रावस्ती दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को महाराजा सुहेलदेव, भगवान बुद्ध और मां जानकी की विरासत नहीं, बल्कि गाजी मियां का मेला पसंद था। इसी कारण जनता ने उनकी दुर्गति कर दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वतंत्र भारत में किसी विदेशी आक्रांता का महिमामंडन स्वीकार नहीं किया जाएगा और उनकी सरकार ने सत्ता में आते ही ऐसे आयोजनों पर रोक लगा दी।

मुख्यमंत्री ने इकौना के सीताद्वार में आयोजित कार्यक्रम में श्रावस्ती और भिनगा विधानसभा क्षेत्रों की 396 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 83 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, आवास की चाबी, स्टडी किट और आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए।
‘पहले गुंडाराज था, अब विकास की पहचान बना उत्तर प्रदेश’
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि नौ वर्ष पहले प्रदेश में माफिया और गुंडाराज हावी था। भूमि, खनन, वन और पशु माफिया खुलेआम सक्रिय थे, जबकि गरीबों को राशन, आवास, स्वास्थ्य और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पाती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरियों में भ्रष्टाचार और सिफारिश का बोलबाला था, लेकिन वर्तमान सरकार ने पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू कर युवाओं को बिना भेदभाव सरकारी नौकरियां दी हैं।

‘नौ साल में बदल गई श्रावस्ती की तस्वीर’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में श्रावस्ती का तेजी से विकास हुआ है। प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के तहत गरीबों को घर मिले हैं। आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के जरिए स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। प्रदेश में करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन, शौचालय और उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि अब श्रावस्ती आकांक्षी जिला ही नहीं, बल्कि प्रेरणादायी जिले के रूप में नई पहचान बना रहा है।
ओडीओपी और मेडिकल कॉलेज से मिलेगा नया विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिली है। सरकार प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है और श्रावस्ती को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब निवेश केवल एनसीआर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल और तराई के जिलों तक भी पहुंच रहा है।

‘बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की जगह जेल या जहन्नुम’
मुख्यमंत्री ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि जो भी बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसके लिए केवल दो ही स्थान हैं—जेल या जहन्नुम। उन्होंने बलरामपुर में धर्मांतरण मामले में गिरफ्तार छांगुर का उल्लेख करते हुए कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के अवैध कारोबार पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई जारी रहेगी।
श्रावस्ती को मिलेगा फोरलेन कनेक्टिविटी का लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रावस्ती-बलरामपुर-गोंडा-अयोध्या फोरलेन परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा 7,500 करोड़ रुपये की लागत से बहराइच-लखनऊ फोरलेन कॉरिडोर स्वीकृत किया गया है। सरकार का प्रयास है कि इस मार्ग को आगे बढ़ाकर श्रावस्ती तक जोड़ा जाए, जिससे जिले की लखनऊ और अयोध्या से सीधी फोरलेन कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके।
सरयू नहर परियोजना और महिला सशक्तिकरण पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से लंबित सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना को उनकी सरकार ने पूरा कर किसानों तक सिंचाई की सुविधा पहुंचाई। महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, जबकि कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के विकास के जरिए श्रावस्ती को नई पहचान दिलाई जा रही है।
लाभार्थियों को वितरित किए चेक, आवास की चाबी और आयुष्मान कार्ड
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), आयुष्मान भारत योजना तथा अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, आवास की चाबी, स्टडी किट और आयुष्मान कार्ड वितरित किए।

कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्रा, प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक राम फेरन पाण्डेय, जिला पंचायत प्रशासक दद्दन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष मिश्री लाल वर्मा सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

