भारी बारिश में DGHS कार्यालय के बाहर खड़े रहे सैकड़ों बॉन्डेड डॉक्टर, नहीं खोला गया मुख्य द्वार

समान बॉन्ड और समान सेवा के लिए समान वेतन की मांग, DGME के प्रस्ताव पत्र को लेकर DGHS पहुंचे थे डॉक्टर
लखनऊ, 1 सितंबर। भारी बारिश के बीच मंगलवार को बड़ी संख्या में बॉन्डेड डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं (DGHS) के कार्यालय पहुंचे। डॉक्टरों का आरोप है कि कार्यालय का मुख्य द्वार नहीं खोला गया और उन्हें अंदर बुलाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते सैकड़ों डॉक्टरों को बारिश के बीच कार्यालय के बाहर खड़े रहना पड़ा।
डॉक्टरों के मुताबिक, DGME की ओर से उन्हें बताया गया था कि आगे की प्रक्रिया और निर्णय DGHS स्तर से लिया जाएगा। इसके बाद बॉन्डेड डॉक्टर DGME द्वारा दिए गए प्रस्ताव पत्र को लेकर अपनी मांगों के संबंध में DGHS कार्यालय पहुंचे थे।
डॉक्टरों का कहना है कि वे किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे हैं। उनकी मांग है कि यदि सेवा की प्रकृति और बॉन्ड समान है तो वेतन और सेवा शर्तों में भी समानता होनी चाहिए। डॉक्टरों ने कहा कि वे अपनी बात संबंधित अधिकारियों तक शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से पहुंचाने के लिए कार्यालय पहुंचे थे।
बारिश में काफी देर तक बाहर खड़े रहने को लेकर डॉक्टरों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अपनी जायज मांग रखने के लिए पहुंचे चिकित्सकों के साथ इस तरह का व्यवहार निराशाजनक है। उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से बॉन्डेड डॉक्टरों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर न्यायपूर्ण समाधान की मांग की।
डॉक्टरों ने अपनी मांग को स्पष्ट करते हुए कहा, “समान बॉन्ड, समान सेवा तो समान वेतन।” उन्होंने बॉन्डेड डॉक्टरों के साथ न्याय किए जाने की मांग दोहराई।

