एनबीआरआई में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 111 लोगों ने लिया लाभ

–11वें आयुर्वेद दिवस पर क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान ने दिया ”स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” का संदेश
लखनऊ । इस 11वें आयुर्वेद दिवस-2026 के उपलक्ष्य में क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, लखनऊ द्वारा सीएसआईआर-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 111 लोगों को परामर्श व दवा वितरित की गई, जबकि 50 से अधिक लोगों का ब्लड टेस्ट किया गया।
केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद, आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित शिविर में प्रभारी सहायक निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह ने थीम ”स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” पर व्याख्यान दिया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली, रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य संवर्धन में आयुर्वेद की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
नोडल अधिकारी डॉ. श्रीकला वी., एनबीआरआई के चीफ साइंटिस्ट डॉ. शरद कुमार श्रीवास्तव और साइंटिस्ट डॉ. संजीव कुमार ओझा ने भी आयुर्वेद दिवस की जरूरत पर प्रकाश डाला। शिविर में डॉ. सुरेन्द्र कुमार,फार्मासिस्ट प्रिंस कुमार पाल, मुकेश कुमार सहित स्टाफ ने सहयोग किया।