न योगी का डंडा न कोरोना की मार, विधायकों ने की जमकर कमाई

चुनाव लड़ रहें विधायकों ने घोषित की बीते 5 वर्षो में अर्जित की गई अकूत संपत्ति
लखनऊ। भ्रस्टाचार मुक्त प्रदेश सरकार हो या कोरोना की वजह से आर्थिक मंदी की मार, प्रदेश के वर्तमान विधायकों की आमदनी में कमी नही आई है, बेतहाशा रिकार्ड बढ़ोत्तरी कहें तो अशियोक्ति नही होगी। सबसे ज्यादा बीजेपी के विधायकों ने अपनी संपति दूनी की है। हलांकि सबसे ज्यादा कमाई के विधायक शाह आलम उर्फ गुडडू जमाली हैं। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में हो रहें विधानसभा चुनाव में 301 वर्तमान विधायक या विधानपरिषद सदस्य भाग्य अजमा रहें हैं। इन विधायकों की घोषित संपत्ति पर गौर करें तो पता चलता है कि 284 सदस्यों की संपत्ति में 56 प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई है। अर्थात वर्ष 2017 में इन विधायकों की औसत संपत्ति 5.68 करोड़ थी जोकि वर्तमान में 8.87 करोड़ हो चुकी है। हलांकि इन विधायकों में 17 विधायक अपवाद भी हैं, जिनकी संपत्ति में औसत कमी भी दर्ज की गई है।
3.18 (56 प्रतिशत) करोड की वृद्धि हुयी
उप्र इलेक्शन वाच , एडीआर द्वारा अर्जित आंकड़ों की जानकारी देते हुए बुधवार को संयोजक संजय सिंह बताया कि प्रदेश में दुबारा विधानसभा चुनाव लड़ रहें विधायक एवं विधान परिषद के कुल 301 सदस्यों द्वारा नामांकन में घोषित संपत्ति का निष्कर्ष निकला है कि इनमें से 284 (94 प्रतिशत) विधायक या विधान परिषद के सदस्यों की संपत्ति में 0 से 22057 प्रतिशत की बढोतरी पाई गई है। मतलब, पुन: चुनाव लडने वाले इन विधायक या विधान परिषद सदस्यों ने वर्ष 2017 के चुनाव में अपनी औसत सम्पत्ति 5.68 करोड घोषित की थी जो वर्तमान में वर्ष 2022 में बढ़कर 8.87 करोड हो गयी है। अर्थात 2017 से 2022 के दौरान इन विधायकों या विधान परिषद सदस्यों की औसत सम्पत्ति में 3.18 (56 प्रतिशत) करोड की वृद्धि हुयी है।
सबसे ज्यादा कमाई के विधायक शाह आलम उर्फ गुडडू जमाली
वृद्धि करने वाले विधायकों में सबसे ज्यादा मुबारकपुर विधानसभा सीट से आॅल इण्डिया मजलिस ए इत्तेहादुस मुसलिमीन के शाह आलम उर्फ गुडडू जमाली ने अपनी संपत्ति में सबसे 77.09 करोड की वृद्धि घोषित की है, वर्ष 2017 में इनकी सम्पत्ति 118.76 करोड थी जो अब 195.85 करोड हो गयी है । वही दूसरे नम्बर पर छपरौली विधानसभा सीट से बीजेपी के सहेन्द्र सिंह रमाला है जिनकी सम्पत्ति में 46.45 करोड की वृद्धि हुयी है 2017 मे उनकी सम्पत्ति 38.04 करोड थी जो बढकर 84.50 करोड हो गयी है। तीसरे स्थान पर फूलपुर निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के प्रवीण पटेल है जिनकी सम्पत्ति में 31.9़9 करोड की वृद्धि हुयी है 2017 में उनकी सम्पत्ति 8.26 करोड थी जो बढकर 40.26 करोड हो गयी है। उन्होंने बताया कि राजनैतिक पार्टियों में सबसे अधिक बीजेपी के विधायक व विधान परिषद सदस्यों की सम्पत्ति में वृद्धि हुयी है। इन 301 में से 223 सदस्यों के द्वारा विधानसभा चुनाव 2022 में अपनी सम्पत्ति में औसतन तीन करोड की वृद्धि दिखायी है वहीं दूसरे नम्बर पर समाजवादी पार्टी के 55 विधायक व विधान परिषद सदस्यों औसतन 2 करोड की वृद्धि घोषित की गयी है वहीं तीसरे नम्बर पर बीएसपी हंै जिसके 8 सदस्यों के द्वारा औसतन चार करोड की वृद्धि दशार्यी गयी है।