PMS लखनऊ शाखा के अध्यक्ष बने डॉ. वाईके सिंह और डॉ. रूपेंद्र कुमार सचिव निर्वाचित
चुनाव में सभी घोषित प्रत्याशियों की शानदार जीत

–
– चिकित्सकों के हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती को बताया प्राथमिकता
लखनऊ, 31 अगस्त। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (UPPMS) की लखनऊ शाखा के वर्ष 2026-27 के निर्वाचन में सभी घोषित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। सोमवार को बलरामपुर चिकित्सालय स्थित विज्ञान भवन कॉन्फ्रेंस हॉल में मतदान शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक माहौल में संपन्न हुआ।
निर्वाचन परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद पर डॉ. वाईके सिंह ने 165 मत, जबकि महिला उपाध्यक्ष पद पर डॉ. शोभना यादव ने 142 मत हासिल कर जीत दर्ज की।
दूसरे महत्वपूर्ण पद, सचिव पर डॉ. रूपेंद्र कुमार को 160 मत मिले। करीब 61 वोटों से प्रतिद्वंदी को मात दी।
वहीं केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य पद पर डॉ. चन्दन कुमार सिंह यादव ने 203 मत और वित्त सचिव पद पर डॉ. अरुण कुमार चौधरी ने 145 मत प्राप्त कर विजय हासिल की।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने चिकित्सकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के हितों की रक्षा, संगठन की एकता, पारदर्शी प्रतिनिधित्व और चिकित्सकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि “संगठन पहले, संवाद पहले और समाधान पहले” की भावना के साथ सभी चिकित्सकों को साथ लेकर UPPMS लखनऊ शाखा को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए कार्य किया जाएगा।
चुनाव में चिकित्सक समुदाय की सक्रिय भागीदारी और विश्वास के लिए सभी मतदाताओं का आभार जताया गया। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों और सहयोगियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
