प्रयागराज के होटल में मिले सात दिन से लापता लखनऊ में तैनात दरोगा, सब इंस्पेक्टर पत्नी ने लिखाई थी रिपोर्ट

पारिवारिक नाराजगी में घर से निकले थे
लखनऊ के इंदिरानगर की तकरोही चौकी के प्रभारी थे आनंद मिश्रा, कार घर पर छोड़ बैग लेकर पैदल निकले थे; वाराणसी के बाद प्रयागराज पहुंचने की जानकारी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ से सात दिन से लापता चल रहे तकरोही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद कुमार मिश्रा आखिरकार प्रयागराज के एक होटल में सकुशल मिल गए। उनके अचानक लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। तलाश में कई पुलिस टीमें लगाई गई थीं। सर्विलांस के जरिए उनकी लोकेशन ट्रेस करने के बाद पुलिस टीम ने प्रयागराज के होटल से उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया।
कार घर पर छोड़ी, बैग लेकर पैदल निकले
जानकारी के मुताबिक, 11 अगस्त को आनंद कुमार मिश्रा अपनी कार घर पर छोड़कर कपड़ों से भरा बैग लेकर पैदल निकल गए थे। देर शाम तक उनके वापस नहीं लौटने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर उनकी पत्नी अंजली तिवारी ने पुलिस को सूचना दी। अंजली तिवारी भी उपनिरीक्षक हैं और डीसीपी सेंट्रल कार्यालय में तैनात हैं। उनकी शिकायत पर सरोजनीनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई।
वाराणसी में मिली आखिरी लोकेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उनकी तलाश के लिए कई टीमें गठित कीं। सर्विलांस और अन्य माध्यमों से उनकी गतिविधियों का पता लगाया गया। जांच में उनकी आखिरी सक्रिय लोकेशन वाराणसी में मिली। इसके बाद पुलिस टीमों ने वाराणसी के रेलवे स्टेशनों और होटलों में उनकी तलाश शुरू की।
वाराणसी से निजी कार बुक कर पहुंचे प्रयागराज
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को जानकारी मिली कि आनंद मिश्रा वाराणसी से प्रयागराज पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि वह वाराणसी में करीब दो दिन रुके थे। इसके बाद उन्होंने एक निजी कार बुक की और प्रयागराज पहुंचे। वहां एक होटल में कमरा लेकर ठहर गए।
पुलिस टीम ने होटल पहुंचकर उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में उनके घर से निकलने की वजह कथित तौर पर पारिवारिक नाराजगी बताई गई है।
चौकी प्रभारी के अचानक गायब होने से बढ़ी थी चिंता
आनंद कुमार मिश्रा इंदिरानगर थाने की तकरोही चौकी के प्रभारी हैं। ऐसे में बिना किसी को बताए उनका अचानक घर से चले जाना पुलिस के लिए चिंता का विषय बन गया था। मोबाइल बंद होने के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी थी।
फिलहाल दरोगा आनंद कुमार मिश्रा के सकुशल मिलने से पुलिस और परिवार ने राहत की सांस ली है। सात दिन से चल रही तलाश का सुखद अंत हुआ है।


