Uncategorized

गुरु पूर्णिमा पर संत रविदास जन्मस्थली पहुंचेंगे सीएम योगी

131 कलशों के पूजन से 650वें जयंती वर्ष का शुभारंभ

25 हजार लोगों की मौजूदगी में होगी समरसता संकल्प सभा, देशभर में माघी पूर्णिमा तक चलेंगे कार्यक्रम

वाराणसी/लखनऊ । संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर भाजपा बुधवार को वाराणसी स्थित उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से राष्ट्रव्यापी ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करेगी। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब तीन बजे जन्मस्थली पहुंचकर मत्था टेकेंगे और संत रविदास का आशीर्वाद लेंगे।

कार्यक्रम में संत समाज के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

अभियान के शुभारंभ पर संत रविदास की जन्मभूमि की पावन मिट्टी से भरे 131 कलशों का पूजन किया जाएगा। इनमें से 98 कलश उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक जिलों तथा 27 राज्यों और छह जोन के लिए रवाना किए जाएंगे। इन कलशों के माध्यम से संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को देशभर में पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में 25 हजार लोगों की भागीदारी के लक्ष्य के साथ समरसता संकल्प सभा आयोजित होगी। इसके अलावा ‘गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान’ के तहत रविदास घाट एवं पार्क में 11 हजार दीप जलाए जाएंगे। देशभर में संत रविदास मंदिरों और भाजपा के मंडल स्तर पर भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।

पांच चरणों में चलेगा अभियान

अनुसूचित वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य के मुताबिक, 29 जुलाई से 10 सितंबर तक ‘कलश वंदन अभियान’ चलेगा। 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर से काशी तक ‘समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी, जो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। 26 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान चलेगा।

गुरु पूर्णिमा से माघी पूर्णिमा यानी 20 फरवरी 2027 तक देशभर में सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या और समरसता संकल्प समेत विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button