होली से पहले 1.86 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला सब्सिडी, 1500 करोड़ जारी
लखनऊ, 28 फरवरी। होली से पहले प्रदेश के 1.86 करोड़ परिवारों को बड़ी राहत देते हुए योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोकभवन में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के रूप में 1500 करोड़ रुपये जारी किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दस लाभार्थी महिलाओं को प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। होली और दीपावली पर पात्र परिवारों को एक-एक मुफ्त सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत देश में 10 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शन दिए गए हैं, जिनमें 1.86 करोड़ लाभार्थी उत्तर प्रदेश के हैं। प्रत्येक रिफिल पर 335 रुपये की सब्सिडी सीधे लाभार्थी के खाते में भेजी जाती है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर होने से निवेश का माहौल बना है और जर्मनी, जापान व सिंगापुर समेत कई देशों से निवेश प्रस्ताव आ रहे हैं। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रशिक्षित युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी पहल कर रही है।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने ‘लखपति दीदी’, शी-मार्ट और महिला उद्यमी योजनाओं का उल्लेख किया। स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने, गारंटी मुक्त ऋण और विपणन सहायता की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बेटियों के विवाह के लिए एक लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किए जाने का भी उल्लेख किया गया। सीएम ने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही सरकार का परिवार है और हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही लक्ष्य है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

