दूरबीन विधि से जटिल सर्जरी कर एंबुलेंस चालक की बचाई जान
पेट में जमा 2.5 लीटर द्रव्य निकाला, पेंक्रियाज को भी किया सुरक्षित
झांसी मेडिकल कॉलेज से गंभीर हालत में हुआ था रेफर

लखनऊ।
अमृत विचार : सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एंबुलेंस चालक की डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के चिकित्सकों ने दूरबीन विधि से जटिल सर्जरी कर जान बचा ली। मरीज के पेट में पेंक्रियाज के आसपास जमा करीब 2.5 लीटर तरल पदार्थ और मृत ऊतकों को निकालने के लिए चिकित्सकों ने छोटी आंत से जोड़कर नया रास्ता बनाया। सर्जरी के दौरान पेंक्रियाज को भी सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया।
संस्थान के सर्जन डॉ. विकास सिंह के अनुसार, कमल नारायण पेशे से एंबुलेंस चालक हैं। बीती 24 जुलाई को सड़क दुर्घटना में उनके पेट में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद पेंक्रियाज के आसपास करीब 2.5 लीटर तरल पदार्थ और मृत ऊतक जमा हो गए। चिकित्सकीय भाषा में इस स्थिति को ”वॉल्ड-ऑफ पैंक्रियाटिक नेक्रोसिस” कहते हैं। हालत गंभीर होने पर उन्हें 08 अगस्त को झांसी मेडिकल कॉलेज से लोहिया संस्थान रेफर किया गया।
डॉ. विकास सिंह ने बताया कि मरीज के उपचार के लिए 10 नवंबर को दूरबीन विधि से सिस्टोजेजुनोस्टॉमी की गई। इसमें छोटी आंत को प्रभावित हिस्से से जोड़कर जमा द्रव्य के निकास का रास्ता बनाया गया। इसके साथ ही पित्ताशय निकालने की सर्जरी भी की गई। ऑपरेशन में डॉ. आकांक्षिता ने एनेस्थीसिया दी।
लोहिया संस्थान के निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने सर्जरी करने वाली पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और चिकित्सकों के बेहतर समन्वय से गंभीर बीमारियों का भी सफल उपचार संभव हो रहा है।